फर्रुखाबाद/शमसाबाद। फर्जी बीएड डिग्री से नौकरी करने वाले दस शिक्षकों के खिलाफ संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव अचरिया खलवारा निवासी अजीत सिंह (प्राथमिक विद्यालय गोदाम), मोहल्ला मूलचंद्र शमसाबाद निवासी सुरजीत सिंह (प्राथमिक विद्यालय सरपालपुर), न्यू टीचर्स कालोनी दत्तू नगला कायमगंज निवासी राजू सिंह (प्राथमिक विद्यालय कुआं खेड़ा), नगला पोता जिला एटा निवासी श्रीकृष्ण (प्राथमिक विद्यालय भकुसा), कायमगंज के गांव झब्बूपुर निवासी विजय सिंह (प्राथमिक विद्यालय अहमदगंज), गांव खिरिया जिला एटा निवासी सीमा (प्राथमिक विद्यालय कांधे मई मिलकिया) व खिरिया एटा निवासी शिव भगत सिंह (प्राथमिक विद्यालय रूपपुर मंगलीपुर) को फर्जी बीएड डिग्री से नौकरी पाने बर्खास्त किया गया है।
बीईओ शसामाबाद शिवशंकर मौर्या ने इन सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को मंगलवार शाम को शमसाबाद थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष ने पांच विद्यालय अलग-अलग थाना क्षेत्र के देखे तो रिपोर्ट लिखने से इनकार कर दिया। बीईओ ने बुधवार को थाने जाकर तहरीर वापस ली। इसके बाद दोबारा तहरीर लिखकर शमसाबाद थाने में शिक्षक अजीत सिंह, सुरजीत सिंह, कायमगंज कोतवाली में राजू सिंह, श्रीकृष्ण, विजय सिंह, नवाबगंज थाने में सीमा और मऊदरवाजा थाने में शिव भगत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उधर कन्नौज के चपुन्ना निवासी प्राथमिक विद्यालय नकटपुर के शिक्षक सर्वेश कुमार, सलेमपुर नगला बाग मोहम्मदाबाद निवासी प्राथमिक विद्यालय नगला मोती के शिक्षक अतुल कुमार, मोहल्ला गढ़ियान निवासी प्राथमिक विद्यालय अरसानी की शिक्षिका आशा कुमारी के खिलाफ बीईओ मोहम्मदाबाद ने कोतवाली मोहम्मदाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें फर्जी बीएड डिग्री से नौकरी करने का आरोप लगाया है।