फर्रुखाबाद। अनामिका शुक्ला प्रकरण के मास्टर माइंड पुष्पेंद्र ने जिस सुशील कुमार कौशल के अभिलेखों से नौकरी पाई थी वह फिरोजाबाद में रहता है और मैनपुरी के प्राथमिक विद्यालय सिढ़पुरा कुरावली में तैनात है। बीईओ की जांच में ये बात सामने आई।
मास्टर माइंड पुष्पेंद्र को एसटीएफ ने पकड़ा था। वह कंपिल के प्राथमिक विद्यालय कुंवरपुर खास में सुशील कुमार कौशल के अभिलेखों से नौकरी कर रहा था। बीएसए लालजी यादव ने जांच शुरू कराई। बीईओ कायमगंज बेगीश गोयल सुशील के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन करने फिरोजाबाद गए। वहां डीआईओएस से मिलने के बाद ज्ञान लोक इंटर कालेज गए।
वहां प्रधानाचार्य ने अभिलेख देखे और सुहाग नगर रेलवे कालोनी में रह रहे असली सुशील कौशल को बुला लिया। उसने इसी कालेज से पढ़ाई की थी। बीईओ के पूछताछ में सुशील कौशल ने बताया कि उसने 2013 में मैनपुरी में काउंसलिंग कराई थी। पहली तैनाती प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर कुरावली में हुई थी।
2018 में समायोजन में उसका तबादला प्राथमिक विद्यालय सिढ़पुरा में हो गया। काउंसलिंग के बाद उसके शैक्षिक अभिलेख करीब तीन साल तक विभाग में जमा रहे। इसी दौरान पुष्पेंद्र ने खेल किया होगा। वह अपना नाम सुशील कौशल लिखता है। पुष्पेंद्र खुद को सुशील कुमार कौशल लिखता है। उसने अपना निवास प्रमाण पत्र सुशील कुमार कौशल पुष्पेंद्र के नाम से बनवाया था। बीएसए ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर सुशील कुमार कौशल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।