मोहम्मद दानिश। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से एमबीए करने के बाद तैयारी में जुटे दानिश का समीक्षा अधिकारी के लिए चयन हो गया है। इससे उन्होंने परिवार के साथ जिले का नाम रोशन किया है। कपड़ा व्यापारी उनके पिता को लोगों ने बधाई दी।
मोहल्ला इमली दरवाजा निवासी गुलजार अहमद की मुख्य बाजार में कपड़े की दुकान है। उनके सात बेटे व दो बेटियां हैं। बेटों में सबसे बड़े दानिश ने 2010 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से बीए किया। इसके बाद इसी विश्वविद्यालय के मुर्शिदाबाद स्थित सेंटर से एमबीए 2013 में किया। इसके बाद सिविल सर्विस की तैयारी शुरू कर दी। एक साल तैयारी करने के बाद वह बीमार हो गए। दो साल बाद फिर अलीगढ़ गए और आरसीए में दाखिला लेकर तैयार शुरू की। 2017 में समीक्षा अधिकारी की परीक्षा दी।
मंगलवार को आए परिणाम में उनका नाम देख परिजन खुशी से झूम उठे। दानिश बताते हैं उन्होंने 2018 में पीसीएस की परीक्षा दी थी। उसका प्री एग्जाम पास कर लिया था। अब मुख्य परीक्षा का परिणाम आने वाला है। पूरी उम्मीद है उनका नाम उसमें शामिल होगा। दानिश का कहना है कि उनका लक्ष्य आईएएस बन देश की सेवा करना है।