फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के नरसिंहपुर गांव में शनिवार को एक ई-रिक्शा चालक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने घर से खाना खाने के बाद खेतों में जाकर यह आत्मघाती कदम उठाया। लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
कायमगंज कोतवाली के गांव नरसिंहपुर निवासी हरिओम (25) ई-रिक्शा चलाता था। वह शनिवार दोपहर में घर से खाना खाने के बाद खेतों में चला गया। वहां उसने एक दोस्त को फोन कर जहर खाने के बात बताई। कहा बचा पाओ तो बचा लो। दोस्त को बचाने के लिए कहने के बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। मोहल्ले के लोगों ने हरिओम को खेतों में काफी खोजा। दोपहर करीब दो बजे वह बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजन उसे पहले सीएचसी और फिर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच के बाद डॉक्टर अभय श्रीवास्तव ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचना देकर शव को मॉर्चुरी में रखवा दिया गया है।
हरिओम की मां सुनीता और बुआ पारुल का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि हरिओम उनका इकलौता बेटा था। आठ साल पहले परिवार ने एक बेटी को भी बीमारी के कारण खो दिया था। दोपहर में हरिओम ने अपनी मां के साथ खाना खाया था। परिवार को समझ नहीं आ रहा कि उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया।