फर्रुखाबाद। होमगार्ड भर्ती के पैनल में चार डॉक्टरों के शामिल होने और एनएचएम के तहत तैनात डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने से लोहिया अस्पताल में मरीज भटकते रहे। हड्डी, नाक, कान व गला और सर्जरी संबंधी मरीजों को बिना इलाज के ही लौटना पड़ा। बृहस्पतिवार को ओपीडी में 550 मरीजों में 150 से अधिक का इलाज नहीं हो सका।
लोहिया अस्पताल में तैनात फिजीशियन डॉ. दीपक वर्मा, ईएनटी सर्जन डॉ. नवनीत कुमार, आर्थो सर्जन डॉ. रिषिकांत वर्मा और नेत्ररोग विशेषज्ञ डॉ. प्रभात वर्मा की ड्यूटी होमगार्ड भर्ती के लिए बने मेडिकल बोर्ड में लगाई गई है। इसके अलावा सर्जन डॉ. रोहित तिवारी एनएचएम की हड़ताल की वजह से काम नहीं कर रहे हैं। इससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार को अन्य दिनों की अपेक्षा भले ही कम मरीज पहुंचे, मगर आर्थो और ईएनटी सर्जन संबंधी किसी भी मरीज को न तो दवा मिल सकी और न ही उनका एक्सरे हो सका। इमरजेंसी में पहुंचे कुछ मरीजों को सिर्फ एक्सरे लिख दिया गया। ओपीडी में 550 से अधिक मरीज पहुंचे, इनमें 100 से अधिक मरीज आर्थो, ईएनटी और सर्जन को दिखाने आए थे।
सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि होमगार्ड भर्ती के अभ्यर्थियों की डॉक्टरी के लिए चार चिकित्सक लगे हैं। रोजाना करीब 50 अभ्यर्थियों का परीक्षण हो पाता है। 400 से अधिक अभ्यर्थियों का परीक्षण करना है। अस्पताल में काफी दिक्कत है। एनएचएम के डॉक्टर भी खुलकर सहयोग नहीं कर पा रहे। थोड़ा बहुत काम कर रहे हैं।