फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार शाम जिलाधिकारी ने गेहूं की सरकारी खरीद की समीक्षा की। गेहूं खरीद की स्थिति खराब मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। सुधार न होने पर केंद्र प्रभारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके साथ किसानों से संपर्क कर खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने गेहूं खरीद की समीक्षा की तो कुछ केंद्रो को छोड़कर अधिकांश की स्थिति खराब मिली। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। पीसीएफ के क्रय केंद्र बरखेड़ा, अताईपुर, अमृतपुर, पट्टीदारापुर, गांधी, मसेनी, नीम करोरी, पखना, पिपर गांव, बबना, चिलसरा, मेरापुर, महलई, सरैया, बहबलपुर आदि केंद्रों गेहूं खरीद की स्थिति काफी खराब थी।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति को शून्य खरीद वाले केंद्र प्रभारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सुधार न होने पर कार्रवाई करने के साथ शासन को अवगत कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि कम गेहूं खरीद वाले केंद्रों की प्रतिदिन रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से संपर्क कर गेंहू खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए। एसडीएम संजय कुमार सिंह, पदम सिंह, एआर कोऑपरेटिव विजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में बाढ़ स्टेयरिंग ग्रुप के साथ बैठक की। डीएम ने सभी अधिकारियों को बाढ़ से बचाव के लिए कार्ययोजना तैयार कर एक सप्ताह के अंदर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों से कहा कि बाढ़ से पहले ही नाविक, नाव, स्टीमर आदि व्यवस्था के अलावा बाढ़ चौकियां चिह्नित कर ली जाएं।
बीएसए से बाढ़ प्रभावित स्कूलों की सूची मांगी। डीएसओ को राशन रिजर्व में रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जो पुलिया, सड़क बाढ़ में कटने की आशंका है, उन्हें पीडब्ल्यूडी द्वारा पहले ही चिह्नित करने के साथ सफाई कराने के निर्देश दिए। वहीं सीवीओ को गोवंश के लिए पर्याप्त भूसा, चारा आदि व्यवस्थाएं करने के लिए कहा।