कायमगंज। अवैध शराब के कारोबार से चंद दिनों में लखपति बनने वाले दो लोगों संपत्ति जब्त करने की संस्तुति डीएम ने की है। पिछले दिनों कोतवाली पुलिस ने दो अवैध शराब विक्रेताओं समेत लोगों की संपत्ति जब्त कराने को डीएम को रिपोर्ट दी थी। डीएम ने अवैध शराब बेचने वाले दोनों लोगों की संपत्ति जब्त करने की संस्तुति कर दी। तीसरे टॉप टेन सूची में नंबर 1 के अपराधी समी की संपत्ति जब्त करने की स्वीकृति जल्द मिलने की संभावना है।
पिछले दिनों कोतवाली पुलिस ने गांव सैथरा निवासी महिमाचंद्र व पपड़ी मिलकिया निवासी कल्लू उर्फ जसवीर को देसी शराब के ठेके पर बिकने वाले ब्रांड की शीशियों में पैकिंग करते पकड़ा था। दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों की संपत्ति का आकलन कर 6 सितंबर को प्रभारी निरीक्षक डॉ विनय राय ने एसपी को भेजा। आठ सितंबर को एसपी ने डीएम को रिपोर्ट भेज दी।
इसमें कहा गया कि कल्लू उर्फ जसवीर ने शराब के कारोबार से ढाई लाख रुपये अर्जित कर गांव में भवन निर्माण कराया है। महिमाचंद्र ने अवैध शराब के कारोबार से गांव गनीपुर जोगपुर में खुद व पत्नी मुन्नी देवी के नाम 2 लाख 48 हजार की जमीन खरीदी और 3 लाख की लागत से 4 कमरे बनवाए।
इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय ने बताया कि जल्द ही दोनों की संपत्ति जब्त की जाएगी। इसके अलावा गांव याहियापुर निवासी समी खां ने एक वर्ष पहले चचेरे भाई नेत्र परीक्षक विलाल खां की हत्या करा दी थी। उसकी रेलवे रोड स्थित एक दुकान व पीछे भूखंड है। जिसकी कीमत 22 लाख रुपये है। वह कोतवाली क्षेत्र के टॉप टेन अपराधियों की सूची में नंबर 1 का अपराधी है। उसकी संपत्ति जब्त करने के लिए भी रिपोर्ट भेजी गई थी। उसकी भी स्वीकृति मिलने की जल्द ही संभावना है।