फर्रुखाबाद। 19वें फर्रुखाबाद महोत्सव का उद्घाटन गुरुवार को डीएम धूमधाम से किया। सीपी इंटरनेशनल और रेड रोज पब्लिक स्कूल बच्चों ने रंगारंग व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर शमा बांध दिया। केंद्रीय कारागार से आए बैंड की धुनों से पांडाल गूंज उठा। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि फर्रुखाबाद महोत्सव में गंगा-जमुनी तहजीब देखने को मिलती है। इसके साथ ही फर्रुखाबाद के इतिहास को याद करने का मौका मिलता है।
गुरुवार को पटेल पार्क में सुबह सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डीएम एसके सिंह ने कहा कि फर्रुखाबाद महोत्सव में बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। आचार संहिता लगे होने के चलते उन्होंने चुनाव आयोग से अनुमति लेकर फर्रुखाबाद महोत्सव का उद्घाटन किया।
28 दिसंबर को फर्रुखाबाद महोत्सव में होने वाले एक शाम संगीत के नाम कार्यक्रम में वह तथा एसपी गीत प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान अनार सिंह यादव, दिलदार हुसैन, रोहित गोयल और अनिल मिश्र ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष डा. रामकृष्ण राजपूत और संचालन दीपिका त्रिपाठी ने किया।
इस अवसर पर डा. पीएस सूद, विश्वास गुप्ता, सुलक्षमा सिंह, निमिष टंडन, नावेद अल्वी, सरदार बाबू सिंह गिल, रमला राठौर, अलका राजपूत, पूर्णिता राठौर, आदि रहे। इससे पहले डीएम और एसपी ने फर्रुखाबाद महोत्सव में लगे स्टालों का जायजा लिया। फर्रुखाबाद महोत्सव के दौरान पटेल पार्क में लगे झूलों को बच्चों ने जमकर लुत्फ उठाया। छोटे बच्चे जहां छोटे झूलों पर झूले। वहीं बड़े झूलों पर युवक और युवतियों ने लुत्फ उठाया। खानपान के स्टालों पर भी भीड़ रही।