फोटो-27, बाइक शो रूम पर बाइक पसंद करते ग्राहक। संवाद
फर्रुखाबाद। जीएसटी की घटी दरों ने दुकानदारों की दिवाली खुशहाल कर दी है। पिछले साल की अपेक्षा इस वर्ष त्योहारी सीजन में ऑटोमोबाइल कारोबार तेजी से उछाल मार रहा है। धनतेरस को लेकर बुकिंग शुरू हो गई हैं।
ऑटोमोबाइल शोरूम पर रोजाना आठ से 10 वाहन बुक किए जा रहे हैं। ग्राहकों को 15 से 20 हजार रुपये तक का लाभ हो रहा है। हाल ही में सरकार ने जीएसटी दरें घटाई हैं। दिवाली पर इसका लाभ ग्राहकों को मिल रहा है।
वाहनों के दामों में आई इस गिरावट के चलते ग्राहक बड़ी संख्या में बुकिंग करा रहे हैं। बुधवार को फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मुख्यमार्ग स्थित एक बाइक शोरूम पर बाइकें पसंद करने के लिए ग्राहकों की भीड़ लगी थी।
हीरो एजेंसी के संचालक लकी गुप्ता ने बताया कि जीएसटी दरें घटने से इस बार बुकिंग में तेजी आई है। धनतेरस व दीपावली को लेकर अब तक करीब 10 बाइकों की बुकिंग हो चुकी है। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष कारोबार अच्छा होगा, क्योंकि जीएसटी कम होने से बाइकों व स्कूटर के दाम पांच से 15 हजार तक कम हुए हैं।
वहीं सातनपुर मंडी रोड स्थित एक ट्रैक्टर एजेंसी पर भी ग्राहकों की भीड़ नजर आई। एजेंसी स्वामी विकास कटियार ने बताया कि जीएसटी दरें घटने से अलग-अलग हार्स पावर के ट्रैक्टरों पर 23 से 60 हजार रुपये तक कम हुए हैं। धनतेरस को लेकर अब तक करीब चार ट्रैक्टरों की बुकिंग हो चुकी है। अभी बुकिंग और बढ़ने की उम्मीद है।
फोटो-27, बाइक शो रूम पर बाइक पसंद करते ग्राहक। संवाद