फर्रुखाबाद। जिला पंचायत परिसर में सगुना देवी को गुरुवार की दोपहर 12 बजे डीएम ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। इसके बाद सगुना ने सदस्याें को शपथ दिलाई। समारोह मेें सदर विधायक व सांसद के प्रतिनिधि ने शिरकत की। जिला पंचायत में 30 सदस्य हैं।
इनमें से सुरेश चंद्र, रवेंद्र सिंह, सुरभि, जुवैरिया शाह समारोह के बाद पहुंची। इन्होंने बाद अध्यक्ष के कक्ष में शपथ ली। पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव ने कहा कि राजनैतिक मतभेद भुलाकर विकास की योजनाआें को एक राय से आगे बढ़ाएं। सब मिलकर विकास करें।
डीएम एसके सिंह ने कहा कि तैनाती के बाद से लोगों ने अविश्वास शुरू कर दिया था। मैंने हमेशा सही बात का समर्थन किया है। सगुना में कानून और शासनादेशों की समझ भले ही कम हो लेकिन वह स्याह सफेद में अंतर करना जानती हैं।
समारोह में एसपी राजेश कृष्ण, डीडीओ भगवती चरण, विधायक अजीत क ठेरिया, जमालुद्दीन सिद्दीकी, नरेंद्र सिंह, सदर विधायक प्रतिनिधि राजेश पाठक, सांसद प्रतिनिधि फतेहचंद्र, उर्मिला राठौर, राज कुमार सिंह राठौर, चंद्रपाल यादव, विश्वास गुप्ता, डा. जितेंद्र यादव, उदयपाल यादव, सचिन यादव, राशिद जमाल सिद्दीकी, सुलक्षणा सिंह, उपासना, राजेश यादव, दारा यादव, मुन्ना यादव, सिराजुल आफाक मुन्ना आदि मौजूद रहे।
शपथ में अटकीं सगुना
सगुना देवी शपथ ग्रहण के दौरान कई बार अटकीं। कर्तव्य शब्द का उच्चारण पहली बार नहीं कर पाईं। डीएम ने इस शब्द को दोबारा बोला। इसके बाद सगुना ने इसका उच्चारण किया। सगुना के विधायक पति अजीत कठेरिया सहयोग के लिए आसन के पास पहले ही पहुंच गए थे। सदस्याें को शपथ दिलाने के दौरान सगुना शुरुआती शब्द मैं ही बोल पाईं। आगे की शपथ इनके बेटे नवजीत ने पढ़ी। बाद में संचालन कर रहीं दीपिका ने शपथ दोहरवाई।