एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस
- फोटो : amar ujala
गंभीर रोगियों और उनके तीमारदारों को अब ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। शासन ने दो एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस वैन जिले को दी हैं। इनका काम हृदय और श्वांस रोग जैसी गंभीर बीमारियों से परेशान लोगों को इलाज के लिए हेल्थ सेंटर तक ले जाना होगा। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि जीपीएस सिस्टम वाली इस खास वैन में ईसीजी से लेकर कार्डियक मानीटरिंग की लगभग सारी सुविधाएं हैं।
प्रदेश की योगी सरकार ने हर जिले को दो-दो एडवांस लाइफ सपोर्ट वैन की सौगात दी है। इस वैन में वेंटीलेटर, सिरिंज पंप, मैनुअल व डिजिटल मशीन समेत कई आवश्यक उपकरण हैं। इन वैनों का प्रयोग हृदय रोग, श्वांस रोग, नवजात बच्चों, प्रसव, सड़क हादसों, आग से जलने, जहरीला पदार्थ खाने के गंभीर मामलों पर किया जा सकेगा। इस वैन में ईसीजी रिपोर्ट स्क्रीन पर देखी जा सकेगी। गंभीर रोगी की स्थिति सरकारी चिकित्सक की एडवाइज पर एंबुलेंस में तैनात स्टाफ को बता दी जाएगी।
घटनास्थल तक पहुंचने के लिए 108 नंबर की एंबुलेंस ही उपयोग में लाई जाएंगी। एएलएस वैन के लिए सीएमओ की अनुमति लेना जरूरी होगा। सीएमओ राकेश कुमार ने बताया कि एक एंबुलेंस जिला अस्पताल व दूसरी पुलिस लाइन में जनता को उपलब्ध हो सकेगी। पुलिस लाइन वाली एंबुलेंस राजेपुर, बरेली रोड, कमालगंज, मोहम्मदाबाद रोड समेत अन्य क्षेत्रों में आसानी से जा सकेगी। वहीं लोहिया अस्पताल वाली एंबुलेंस कायमगंज व शहर के अलावा अन्य इलाकों में आसानी से पहुंचेगी। इससे रास्ते में भीड़भाड़ व जाम में खर्च होने वाला समय बच जाएगा।