बाढ़ के पानी से घिरा प्राथमिक विद्यालय चाचूपुर।
- फोटो : अमर उजाला
ब्लाक क्षेत्र के दर्जनों गांव गंगा और रामगंगा की बाढ़ से घिर गए हैं। किसी गांव में झोपड़ी के अंदर पानी घुस गया है तो कहीं कच्चे मकानों के बाहर तक पानी पहुंच गया है। बाढ़ को लेकर ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। उनका कहना है कि पानी कम न हुआ तो पलायन करने को मजबूर होना पड़ेगा।
गंगा की बाढ़ ने भुड्डन की मढ़ैया, तीसराम की मढ़ैया, चाचूपुर, जमापुर, गौटिया, चित्रकूट, सबलपुर, नगरिया जवाहर, कुसमापुर, भाऊपुर चौरासी, कंचनपुर, सुंदरपुर, कछुआगाढ़ा, सबासी, हरीहरपुर वीरपुर, तौफीक, ईमादपुर, कुतलूपुर और कुबेरपुर समेत करीब आधा सैकड़ा से ज्यादा गांवों को चारों ओर से घेर लिया है। कई झोपड़ियों में तो पानी घुस गया है।
इसके चलते महिलाएं बैलगाड़ी और ईंटों के चट्टों पर खाना बनाने को मजबूर हैं। वहीं गंगा का पानी भी बढ़ गया है। रामगंगा का पानी विरसिंहपुर, ईमादपुर पमारान, कड़क्का, बिचपुरिया, खरगपुर और नाहरैया आदि गांवों में घुस गया है। मकानों के बाहर तक बाढ़ का पानी बह रहा है। लोग नावों से आवागमन करने को मजबूर हैं। इससे ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।