शमसाबाद के ढाईघाट पुल पर पटरा हटने से दूसरे दिन फिर एक ट्रैक्टर-ट्राली
फंस गई। इसके चलते करीब पांच घंटे तक जाम लगा रहा। भीषण गर्मी में वाहन
चालक पुल के दोनों ओर जाम खुलने का इंतजार करते रहे। कोतवाली कायमगंज
क्षेत्र के गांव मुड़ौल निवासी श्याम मोहन बुधवार सुबह करीब 8 बजे जलालाबाद
से गेहूं के पैकेट ट्रैक्टर-ट्राली में लादकर गांव लौट रहे थे। जब वह
कासिमपुर तराई स्थित ढाईघाट पुल से गुजर रहे थे, तभी पटरा हटने से ट्रैक्टर
के आगे के पहिये
उसमें फंस गए और ट्रैक्टर लटक गया। इससे रास्ता बंद हो
गया और पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। पुल पर नाव न
चलने के कारण दोनों ओर राहगीर और वाहन सवार फंस गए। जानकारी मिलने पर
पीडब्लूडी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने ट्रैक्टर निकलवाना शुरू
किया। काफी मशक्कत के बाद दोपहर करीब 1 बजे दूसरे ट्रैक्टर
के जरिए फंसे
हुए ट्रैक्टर-ट्राली को पुल से बाहर निकाला गया। इसके बाद जाम खुला। जाम
में फंसे राजपाल, रामचंद्र फौजी, पप्पू, प्रमोद कुमार और प्रदीप शर्मा आदि
ने मांग की कि ढाईघाट पुल पर नाव भी चलवाई जाए। इस संबंध में पीडब्लूडी
के एई महिपाल सिंह से संपर्क किया गया लेकिन बात नहीं हो सकी। गौरतलब है
कि बीते दिन भी पटरा हटने से एक ट्रैक्टर-ट्राली फंस गई थी। इससे भी भीषण
जाम लगा था।
वैन की टक्कर से नहर में गिरा युवक
मारुति वैन की टक्कर से बाइक सवार युवक नहर में जा गिरा। दुर्घटना के बाद
चालक वैन लेकर भाग गया। नहर के पास जानवर चरा रहे ग्रामीणों ने नहर में
कूदकर युवक को बाहर निकाला। घायलावस्था में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य
केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे रिफर कर दिया गया।नवाबगंज
थाना क्षेत्र के गांव नगला दमू निवासी
सर्वेश कुमार बाइक से अपनी सास के
निधन पर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने ढाईघाट जा रहा था। अद्दूपुर
पुलिया के पास पीछे से आ रही वैन की टक्कर से बाइक सवार सर्वेश कुमार उछलकर
नहर में जा गिरा दुर्घटना होते देख वैन चालक वाहन लेकर भाग गया। नहर के
पास जानवर चरा रहे ग्रामीण नहर में कूद गए और उन्होंने सर्वेश को बाहर
निकाला। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे परिजन सर्वेश कुमार को घायलावस्था
में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमसाबाद में भर्ती कराया। हालत में सुधार न
होने पर चिकित्सक ने सर्वेश को जिला मुख्यालय रिफर कर दिया।