कंपिल। सावन में शिवभक्ति चरम पर है। कांवड़ यात्रा को लेकर गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। रविवार को मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र स्थित मोहल्ला कुंवरपुर से पहुंचे दर्जनों शिवभक्तों ने कंपिल-बदायूं मार्ग स्थित अटैना घाट पर गंगास्नान और पूजा-अर्चना के बाद भगवान भोलेनाथ के जयघोष के साथ पैदल कांवड़ यात्रा शुरू की।
गगन, आशीष, आदित्य, देव, अमन, हीरू, राजन समेत अन्य कांवड़ियों ने स्टील के विशेष मटकों में 101 लीटर गंगाजल भरा और करीब 70 किलोमीटर की पदयात्रा शुरू की। कांवड़िया हीरू ठाकुर ने बताया कि सभी श्रद्धालु शनिवार शाम अटैना घाट पहुंच गए थे। रात में विश्राम करने के बाद रविवार सुबह में गंगा स्नान किया। इसके बाद विधिवत पूजन कर गंगाजल भरा और यात्रा शुरू की। सोमवार को मैनपुरी के प्रसिद्ध सोनई शिव मंदिर में जलाभिषेक कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। इसी मोहल्ले के आशीष अपने साथी अवनीश, अरुण, बिल्लू और रोमी के साथ 51 लीटर गंगाजल की कांवड़ लेकर रवाना हुए। कांवड़िए कंपिल-बदायूं मार्ग से गांवों और कस्बों से होते हुए करीब 70 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।