गांव सिरसा निवासी जिस देवेंद्र की तलाश में पुलिस दिन रात एक किए थी, उसकी हत्या 20 अक्तूबर 2014 को ही कर दी गई थी। पुलिस की गिरफ्त में आए एक हत्यारोपी की निशानदेही पर देवेंद्र का कंकाल गंगा कटरी से बरामद कर पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया। हत्याकांड में कुल आठ लोगों के नाम सामने आए हैं। जिन्होंने प्रेम प्रसंग के चलते अंगौछे से गला दबाकर देवेंद्र को मौत के घाट उतारा था।
गांव सिरसा निवासी अजय सिंह यादव के पुत्र देवेंद्र का परिवार की एक लड़की से प्रेम प्रसंग था। वह 8 जून 2014 को युवती को अपने साथ भगा ले गया। इसकी जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की और दोनों को तलाश कर परिवार के लोग घर ले आए। प्रेम प्रसंग को लेकर परिवार के लोगों में तनातनी शुरू हो गई।
रिश्तेदारों के हस्तक्षेप पर विवाद शांत हुआ था। 9 सितंबर को लड़की ने युवक के खिलाफ अपहरण की याचिका कायमगंज न्यायालय में दायर कर दी। कोर्ट क े आदेश पर रिपोर्ट तो दर्ज हो गई लेकिन पुलिस ने जांच में आरोप गलत पाए और एफआर लगा दी।
20 अक्तूबर 2014 को देवेंद्र नौकरी के लिए दिल्ली जाने को निकला लेकिन वह दिल्ली पहुंचा नहीं। इस पर परिजनों ने देवेंद्र की खोजबीन शुरू की। देवेंद्र के न मिलने पर पिता ने 2 अप्रैल 2015 को थाने में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई। इसकी विवेचना दरोगा प्रभाकर शर्मा को मिली। दरोगा ने जांच में अपहरण का मामला पाया।
इसके बाद में देवेंद्र के पिता अजय सिंह यादव ने नवाबगंज थानाक्षेत्र के गांव सितवनपुर निवासी अवधेश यादव, सूरज सिंह, गुड्डू, राम प्रकाश, सहवीर, जसवीर और बबलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। गुरुवार को एसओ कंपिल, स्वाट टीम प्रभारी, सिवारा चौकी प्रभारी ने मुखबिर की सूचना पर अवधेश को रूदायन स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
कंपिल थानाध्यक्ष मनीष यादव ने बताया कि आरोपी से जब पूछताछ की गई तो उसने कुछ ही देर में पूरी घटना को सामने रख दिया। अवधेश की निशानदेही पर मृतक देवेंद्र का कंकाल गंगा कटरी से बरामद किया गया। दिल्ली जाने के लिए निकले देवेंद्र का रास्ते से ही अपहरण कर आरोपियों ने बीस अक्तूबर को ही उसे मौत के घाट उतार दिया था।
आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि देवेन्द्र की अंगौछा से गला दबा कर हत्या की गई थी। एक आरोपी पप्पी का और नाम सामने आया है। हत्या में आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। हत्या प्रेम प्रसंग में किए जाने की बात अवधेश ने स्वीकारी है। कंकाल को फोरेंसिक जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।