मुकदमे के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली
सोमवार को पत्नी किरन उर्फ अंशू ने बताया कि पति नोएडा में नौकरी करते थे। उनकी कभी-कभी बात होती थी। लगभग डेढ़ माह पहले कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर पति के ऊपर कोई अन्य मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मांगी थी। उसमें किसी मुकदमे के संबंध में सूचना नहीं मिली।
कायमगंज ट्रक लूट के मुकदमे में पति के खिलाफ वारंट कब जारी हुए, यह पुलिस ने नहीं बताया। पुलिस ने तलाश में कभी दबिश भी नहीं मारी और न ही कोई सूचना दी। इनाम कब हो गया। इसके बारे में भी उसको सूचना नहीं दी गई।
पत्नी ने की सीबीआई जांच की मांग
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इनाम होने व ट्रक लूट की घटना में वांछित होने की जानकारी दी। किरन ने बताया कि कोटेदार की हत्या में उसने सीबीआई जांच की मांग की थी। मुठभेड़ के मामले में हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगी। उनके पास पुलिस के खिलाफ काफी साक्ष्य हैं।
बता दें कि पुलिस मुठभेड़ में शातिर अपराधी देवेंद्र की गोली लगने से मौत हो गई थी। वहीं, दो सिपाही घायल हुए थे। शहर कोतवाली के गांव चांदपुर निवासी रिंकू उर्फ देवेंद्र (38) पर विभिन्न थानों में 19 मुकदमे दर्ज थे। देवेंद्र मूल रूप से जनपद कन्नौज थाना विशुनगढ़ के गांव प्राइमपुर पैरोल का रहने वाला था।
वह लंबे समय से चांदपुर में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ में कायमगंज कोतवाली के सिपाही राजेश और सचिन भी घायल हुए हैं। पुलिस ने उन्हें कहीं भर्ती नहीं कराया है। उनके गोली कहां लगी है, अभी यह भी स्पष्ट नहीं किया है।