कमालगंज। खुदागंज में कन्या प्राथमिक विद्यालय व प्राथमिक विद्यालय बालक में विज्ञान प्रयोगशाला का भोजपुर विधायक ने शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्राथमिक कक्षाओं से ही बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित की जानी चाहिए। इससे बच्चों में सूझ शक्ति का विकास होगा। वह सही व गलत का विश्लेषण भी कर सकेंगे।
खुदागंज में प्राथमिक विद्यालय बालक व कन्या एक ही परिसर में हैं। शिक्षकों द्वारा बनाई गई विज्ञान प्रयोगशाला का भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने शुभारंभ किया।
उन्होंने कक्षा पांच की छात्रा श्वेता को सबसे पहले कापियों, ज्यामेट्री बॉक्स, पेन आदि सामग्री की किट वितरित की। इसके बाद अन्य बच्चों को किट का वितरण किया। विधायक ने कहा कि परिषदीय स्कूलों के बच्चे विज्ञान के कौशल में निजी विद्यालयों के बच्चों के समान दक्ष हों। इसके लिए प्रयास करना जरूरी है।
प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष अवनीश चौहान ने कहा कि किन्हीं शिक्षकों के अच्छे प्रयास अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरक बन जाते हैं। आदर्श शिक्षक विकास त्रिपाठी ने विधायक को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
किसान यूनियन जिलाध्यक्ष दुर्गानारायन मुंशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश प्रताप, प्रधान शशि लता, आदित्य गुप्ता लाला, हेडमास्टर विजय पाल आदि मौजूद रहे।