फर्रुखाबाद। कानपुर मंडल के आबकारी उपायुक्त महेश प्रसाद की अगुवाई में आबकारी और थाना पुलिस की टीम ने लकूला में छापा की। टीम को 30 लीटर शराब के साथ एक आरोपी पकड़ में आया। छापे के दौरान लोग खेतों की ओर भागते दिखाई दिए।
आबकारी उपायुक्त महेश प्रसाद, जिला आबकारी अधिकारी सुधीर कुमार, आबकारी निरीक्षक राजेश चौबे की देखरेख में विभागीय टीम और कादरीगेट थाना पुलिस ने गिहार बस्ती लकूला में शनिवार दोपहर में छापा मारा। टीम ने घरों में घुसकर कच्ची शराब बनाने के उपकरण आदि सामान को खंगाला। दो मकानों में टीम को सफलता मिली। एक घर में 30 लीटर बनी शराब बरामद हुई। वहां से शराब बनाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा कई स्थानों पर शराब बनाने के लिए तैयार किया जा रहा लहन भी बरामद हुआ। इसे टीम ने नष्ट कर दिया। टीम के छापा मारते ही अधिकांश घरों से पुरुष खेतों की ओर भाग गए। जब भी घरों में टीम के लोग पहुंचे, तो महिलाएं कुछ भी न होने की बात कहती रहीं। मगर अधिकांश घरों में तलाशी ली गई।
आबकारी उपायुक्त की देखरेख में छापे की सूचना लकूला में सुबह से ही मिल गई थी। लिहाजा अधिकांश लोगों ने शराब को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था। टीम में शामिल स्थानीय जिम्मेदारों ने ऐसे स्थानों को दिखाने में परहेज किया, जहां पर भारी मात्रा में लहन बरामद हो सकता था। यही वजह रही कि छापे के नाम पर औपचारिकता ही निभाई गई। जबकि पूरे लकूला में भारी मात्रा में शराब बनाने का कारोबार होता है।