फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए भूमि देने वाले 856 किसानों को सर्किल रेट बढ़ने के बाद कम प्रतिफल मिलने का मामला शासन तक पहुंच गया है। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बुधवार को मुलाकात कर किसानों को बढ़े हुए सर्किल रेट के अनुसार अंतर धनराशि दिलाने की मांग रखी है।
विधायक ने मुख्यमंत्री को दिए पत्र में बताया कि परियोजना के लिए अमृतपुर और सदर तहसील क्षेत्र में ग्राम सभा की भूमि के साथ किसानों की भूमि भी ली गई। किसानों ने उस समय प्रभावी सर्किल रेट के आधार पर अपनी भूमि के बैनामे कर दिए थे। इस दौरान किसान लंबे समय से सर्किल रेट पुनरीक्षित किए जाने की मांग करते रहे।
जिला प्रशासन ने सर्किल रेट का पुनरीक्षण किया और नया रेट नौ मई 2026 से प्रभावी हो गया। इसके बाद उसी श्रेणी की भूमि के बैनामे बढ़े हुए सर्किल रेट पर हुए। विधायक ने कहा कि पहले भूमि देने वाले किसानों को इस अंतर से आर्थिक नुकसान हुआ है। कहा कि अमृतपुर तहसील के 316 किसानों की 23.5084 हेक्टेयर और सदर तहसील के 540 किसानों की 43.4948 हेक्टेयर भूमि शामिल है। कुल 856 किसानों की 67.0032 हेक्टेयर भूमि के लिए कम धनराशि का भुगतान हुआ।
सदर विधायक सुनील दत्त द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर किसानों को बैनामे का अंतर मूल्य दिलाने की मांग रखी है।