फर्रुखाबाद। पत्नी से अवैध संबंध रखने के साथ ही बहन पर बुरी नजर रखने की वजह से युवक ने अपने रिश्तेदार की हत्या कर दी। पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए यह बात बताई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया।
हरदोई थाना पाली क्षेत्र के गांव कुआं डाडीपुर निवासी दीपक (35) 18 अप्रैल की रात लापता हो गया था। गुरुवार देर रात पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर सुंदरपुर कटरी क्षेत्र के पास गंगा नदी किनारे जमीन से दीपक का क्षत-विक्षत शव बरामद किया था। शनिवार को एसपी आरती सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा कर दिया।
उन्होंने बताया कि दीपक मुख्य आरोपी का रिश्तेदार था। दीपक के मुख्य आरोपी की पत्नी से अवैध संबंध थे। इसके साथ ही वह उसकी बहन पर भी बुरी नजर रखता था। जानकारी होने पर युवक ने दीपक की हत्या की ठान ली। 18 अप्रैल की रात युवक व दीपक अपने-अपने परिजनों के साथ गेहूं बेचने तीन ट्रैक्टरों से गल्ला मंडी फर्रुखाबाद जा रहे थे। रास्ते में आंधी-बरसात आने से दो ट्रैक्टर भरखा चौराहे पर खड़े कर दिए गए। युवक व दीपक तिरपाल लेने बाइक से सवितापुर चले गए।
युवक ने अपने दोस्त को साथ ले लिया। रास्ते में दोनों ने हंसिया से दीपक की हत्या कर दी और शव गंगा में फेंक दिया था। इसके बाद दोनों ने एक अन्य युवक की मदद से दीपक का शव गंगा से निकालकर सुंदरपुर कटरी क्षेत्र में जमीन में गाड़ दिया ताकि किसी को भनक न लगे। पुलिस ने शव बरामद कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद कर लिया गया है।