कंपिल। मानसिक रूप से कमजोर ग्रामीण को मुफ्त सिलिंडर दिलाने का झांसा देकर तीन लोगों ने उसकी साढ़े तीन बीघा जमीन का बैनामा करवा दिया। जानकारी होने पर भाई ने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी।
थाना क्षेत्र के गांव त्यौरखास निवासी महेश चंद्र कठेरिया मानसिक रूप से कमजोर हैं। उसके पास साढ़े तीन बीघा जमीन है। गांव के तीन युवकों ने महेश चंद्र को मुफ्त में गैस सिलिंडर दिलाने का झांसा दिया। तीनों लोग महेश को कायमगंज तहसील लेकर गए। वहां सिलिंडर दिलाने के नाम पर उसकी जमीन का कायमगंज निवासी एक युवक को बैनामा करा दिया। युवक से तीनों लोगों ने बैनामा कराने के नाम पर लाखों रुपये ले लिए। गांव में जमीन बेचने को लेकर चर्चा हुई। इसकी जानकारी महेश के भाई रंजीत को हुई। रंजीत ने दाखिल खारिज पर रोक लगाने के लिए रजिस्ट्रार के यहां प्रार्थना पत्र दिया। सोमवार को रंजीत ने तीनों के खिलाफ तहरीर दी। इसमें जाति सूचक गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया है। एसओ जितेंद्र चौधरी ने बताया कि तहरीर मिली है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।