फर्रुखाबाद/नवाबगंज। बिजली उत्पादन घटने से हो रही अघोषित कटौती से उपभोक्ता गर्मी में परेशान हैं। रात में छह घंटे की कटौती से लोगों की नींद हराम है। वहीं, दिन में भी बिजली न मिलने से दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है।
शासन से शहर में 24 घंटे व ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे बिजली देने के आदेश हैं। पिछले 15 दिनों से ग्रामीण क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ता त्रस्त हैं। लोगों की दिनचर्या व बाजार में कारोबार प्रभावित है। पनकी से कोड आते ही ग्रामीण क्षेत्र के उपकेंद्रों की बिजली गुल हो जाती है। उपकेंद्र के साथ सभी फीडर भी ठप हो रहे हैं।
नवाबगंज उपकेंद्र से रात में सात घंटे बिजली कटौती से लोग बेहाल रहे। रविवार दोपहर दो बजे से बिजली गुल हो गई और रात में 10:40 बजे आई। इसके बाद रात 12:20 बजे फिर कटौती कर दी गई। 2:45 बजे बिजली आने के बाद मात्र सवा घंटा रही और चार बजे फिर चली गई। फिर 5:15 बजे आई। रात और दिन में 14 घंटे से अधिक बिजली कटौती से गर्मी में लोग परेशान रहे। इससे बच्चे गर्मी में न तो पढ़ाई कर पा रहे हैं और न ही उनकी नींद पूरी हो रही है।
उपकेंद्र का होगा घेराव
- भाकियू जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्र ने बताया कि रात की बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मंगलवार को उपकेंद्र का घेराव किया जाएगा। बिजली की लचर व्यवस्था के चलते अधिकारियों का पुतला फूंका जाएगा। बिजली व्यवस्था सुधरने तक धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
लोगों ने बयां किया दर्द
फोटो-39 गौरव गोला।
नवाबगंज कस्बा के रेडीमेड व्यापारी व लोकवाणी केंद्र संचालक गौरव गोला ने बताया कि बिजली कटौती से व्यापार प्रभावित हो रहा है और रात में नींद पूरी न होने से सेहत भी बिगड़ रही है।
फोटो-40 नीरज गुप्ता।
नमकीन व्यापारी नीरज गुप्ता ने बताया कि अधिकारियों से शिकायत के बाद भी रात में बिजली कटौती बंद नहीं हो रही है। शाम होते ही कटौती शुरू हो जाती है। व्यापार व स्वास्थ्य दोनों प्रभावित है।
कटौती पर लगाई जाएगी रोक
अधीक्षण अभियंता यादवेंद्र सिंह ने बताया कि बरसात में कोयला गीला होने से बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है। इससे पनकी से चयनित उपकेंद्रों पर कोड आता है, इसके साथ इमरजेंसी कटौती शुरू हो जाती है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को पूरी बिजली देने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में घोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने की योजना बनाई है। इमरजेंसी कटौती को तो नहीं रोका जा सकता, लेकिन घोषित कटौती रोककर उपभोक्ताओं को पूरी बिजली देने का प्रयास किया जाएगा।
रात में बिजली न मिलने से पसरा रहता अंधेरा
मोहम्मदाबाद। क्षेत्र में रात को बिजली कटौती से गांवों में अंधेरा पसरा रहता है। रात में आठ से नौ घंटे की बिजली कटौती और मच्छरों के प्रकोप से गर्मी में लोगों की नींद हराम है। नहरैया फीडर के अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि पनकी से बिजली कटौती की जा रही है। दिन में ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सोलर ग्रिड से की जाती है।