फर्रुखाबाद। पांच माह से पीलिया की बीमारी से जूझ रहे दरोगा की सोमवार शाम मौत हो गई।
कोतवाली कायमगंज के गांव मुड़ौल निवासी आज्ञाराम गौतम (45) वर्ष 1997 में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। वह जनपद शामली के थाना कोहाला में दरोगा के पद पर तैनात थे।
पांच माह पहले उन्हें पीलिया हो गया था। परिजनों ने आज्ञाराम को लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद से उनका उपचार चल रहा था। कुछ दिनों पहले हालत में सुधार होने पर वह शहर कोतवाली क्षेत्र के निरालानगर निवासी अपने भाई आत्माराम के पास आकर रहने लगे थे।
सोमवार शाम आज्ञाराम की मौत हो गई। भाई की सूचना पर पुलिस ने शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया। दरोगा की पत्नी अर्चना व पुत्री सुरभि गौतम व अंबी गौतम जनपद गाजियाबाद के गोविंदपुर में रहती हैं।