फर्रुखाबाद। हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पत्नी व गोद लिए पुत्र ने बताया कि बुधवार को फोन पर बात हुई थी। उन्होंने सब कुछ सही होने की बात कही थी। किसी तरह की बीमारी भी नहीं थी। फिर मौत कैसे हुई, यह समझ नहीं आ रहा है। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई है।
जनपद हरदोई थाना बिलग्राम के गांव कुतुवापुर निवासी नन्हे (70) सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे। रविवार सुबह हालत बिगड़ने पर जेल वार्डन अनूप कुमार व जितेंद्र कुमार पौने पांच बजे लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इसकी सूचना परिजनों को दी। पत्नी रामश्री और गोद लिए पुत्र अनिल कुमार अन्य रिश्तेदारों के साथ लोहिया अस्पताल पहुंचे। अनिल ने बताया कि काफी पहले गांव में ही एक हत्या हुई थी। उसमें पिता नन्हे को 1985 में आजीवन कारावास की सजा हुई थी। कुछ महीने जेल में रहने के बाद वह जमानत पर घर आ गए थे। इसके बाद वह तारीखों पर नहीं गए।
वर्ष 2018 में पुलिस ने उन्हें दोबारा गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। तभी से वह जेल में सजा काट रहे थे। बुधवार को उन्होंने फोन किया था। काफी देर बात के दौरान उन्होंने बीमारी आदि की कोई जानकारी नहीं दी थी। अब मौत कैसे हुई समझ नहीं आ रहा है।
जेल अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि नन्हे को दमा की बीमारी थी। वह कई बार अस्पताल जेल में कई-कई दिन भर्ती रहा। 15 नवंबर से जेल अस्पताल में भर्ती हुआ था। हालत बिगड़ने पर लोहिया अस्पताल भेजा गया था। जहां मृत घोषित किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई है।