जहानगंज। पिकअप से ठंडा की पेटी उतारने गए बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन रो-रोकर बेहाल रहे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव पतौंजा निवासी जशीम का 13 वर्ष का पुत्र तैय्यब गांव अजीजलपुर निवासी शोएब की दुकान पर कोल्ड ड्रिंक की पेटी उतारने का काम करता है। शुक्रवार को तैय्यब पिकअप पर बैठकर गांव की दुकानों पर कोल्ड ड्रिंक की पेटियां उतारने के लिए गया था। उसे एक पेटी उतारने पर एक रुपया मिलता था। दुकान में पेटी उतारकर तैय्यब खड़ा था। वहीं थोड़ी दूरी पर स्थित गांव के रामताल तालाब में कुछ बच्चे नहा रहे थे। गर्मी में परेशान तैय्यब भी तालाब में नहाने के लिए चला गया। वह गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। अन्य बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने तालाब में छलांग लगाई। सूचना पर पुलिस व परिजन भी मौके पर पहुंच गए। आधे घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तैय्यब के शव को बाहर निकाल लिया। शव देखकर मां रोशन तारा, भाई मोहित, शोएब, माेईन, वसीम, सईद व पिता जशीम का रो रो कर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।