फर्रुखाबाद। शराब ठेकेदार की हत्या में पत्नी ने देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उसने जमीन के बंटवारे की रंजिश में पति की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी देवर की पत्नी को पकड़ लिया है। पुलिस की टीमें उससे पूछताछ कर रही है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव रूनी निवासी शराब ठेकेदार शैलेंद्र सिंह चौहान फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की गीतापुरम कालोनी में परिवार सहित रह रहे थे। गुरुवार को वह गांव पहुंच और सबमर्सिबल से खेत में पानी लगवा रहे थे। उनकी छोटे भाई गिजेंद्र उर्फ राजू चौहान से जमीन के बंटवारे के लेकर रंजिश चल रही है। उसी दौरान राजू चौहान आया और उसने खेत में पानी लगाने का विरोध कर सबमर्सिबल का तार खींच कर तोड़ दिया। शैलेंद्र के विरोध करने पर राजू ने तमंचे से तीन गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने पत्नी रेखा चौहान की तहरीर पर देवर गिजेद्र सिंह उर्फ राजू चौहान के खिलाफ पति की गोली मारकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया। एसपी विकास कुमार ने आरोपी गिजेंद्र को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई थी। पुलिस ने गुरुवार की रात आरोपी गिजेंद्र उर्फ राजू की पत्नी को कार सहित पकड़ लिया। एएसपी डॉ संजय कुमार ने बताया कि अभी आरोपी भाई की तलाश की जा रही है।