विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
फर्रुखाबाद। विवाहिता की ससुराल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसकी मां ने ससुरालियों पर पचास हजार रुपये की मांग कर पुत्री को प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद रिपोर्ट दर्ज करने का भरोसा दिया।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला गरैया खारे निवासी देव सिंह उर्फ मनचली की 28 वर्षीय पत्नी नीलम ने ससुराल में हुई कहासुनी के बाद कमरे में फांसी लगा ली थी। ऐन वक्त ससुरालीजनों ने उसको नीचे उतारा और रखा तिराहा स्थित निजी अस्पताल मेें ले गए थे। यहां इलाज के दौरान नीलम की मौत हो गई थी। ससुरालीजन शव लेकर घर पहुंच गए। इस दौरान पति देव सिंह उर्फ मनचली सहित ससुर व जिठानी घर से भाग गए।
सास रामबेटी ने घटना की जानकारी शहर कोतवाली के मोहल्ला दरीबा पूर्व निवासी नीलम की मां शकुंतला देवी को दी। शकुंतला देवी परिजनों के साथ मौके पर पहुंचीं। उनका रामबेटी से विवाद होने लगा। सिविल लाइन चौकी इंचार्ज आनंद शर्मा व महिला सिपाहियों ने दोनों पक्षों को शांत किया।
शकुंतला देवी ने दामाद देव सिंह उर्फ मनचली, ससुर, सास, जिठानी के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में तहरीर दी। इसमें आरोप लगाया कि तीन वर्ष पहले पुत्री नीलम की शादी की थी। शादी के डेढ़ वर्ष बाद नीलम को पुत्री हुई। इसके बाद से ससुरालीजन दहेज में पचास हजार रुपये की मांग कर नीलम को प्रताड़ित करने लगे। एक माह पहले सास व जिठानी ने नीलम के साथ मारपीट की थी।
पांच दिन पहले सास नीलम को मायके से बुलाकर ससुराल ले गई। सोमवार को ससुरालीजनों ने नीलम की हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम कराने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।