तीन दिन पहले मृत महिला थी कोरोना पॉजिटिव
फर्रुखाबाद। बढ़पुर ब्लाक क्षेत्र के गांव जनैया सठैया निवासी महिला दिल्ली से गत माह अपने मायके आई थी। उसकी तबीयत खराब थी। मायके वालों ने 16 जून को उसे सैफई स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। वहां दूसरे दिन उसका कोरोना जांच को नमूना लेकर भर्ती कर लिया गया। उसी दिन शाम को उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को सैफई से आई जांच रिपोर्ट पॉजिटिव होने पर गांव को सील कर कंटेनमेंट जोन बना दिया गया।
गांव जनैया सठैया निवासी ग्रामीण की पुत्री (23) जनपद फिरोजाबाद में ब्याही थी। उसका पति दिल्ली में सिलाई कारीगर है। उसकेशरीर पर छाले पड़ने से पति गत माह मायके छोड़ गया था। 16 जून को हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सैफई ले गए। वहां उसे भर्ती कर 17 जून को कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया।
उसी दिन शाम को महिला ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर सैफई अस्पताल से जिला मुख्यालय पर सूचना दी गई। एक माह चार दिन तक महिला के मायके में रहने से गांव सील कर कंटेनमेंट जोन बना दिया गया।
भाई ने बताया कि वे लोग शव अस्पताल में ही छोड़कर चले आए। अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी ससुराल वालों की है। प्रधान हंसमुखी के पति महताब सिंह ने बताया कि गांव में सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। फिलहाल गलियों में बल्लियां लगाकर गांव सील कर कंटेनमेंट जोन बना दिया गया। नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डा.राजीव शाक्य ने बताया कि महिला गंभीर त्वचा रोग से ग्रसित थी।
मौत के बाद उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। फिलहाल जनपद में कोरोना संक्रमित की मौत का यह पहला केस है। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर गठित डेथ आडिट टीम मृत्यु का कारण स्पष्ट करेेगी कि मौत कोरोना वायरस से हुई या किसी अन्य बीमारी से।