कमालगंज। मानसिक रूप से बीमार किशोरी का शव घर से सौ मीटर दूर पेड़ पर फंदे में लटका मिला। वहां से गुजर रहे युवक की नजर पड़ी तो उसने परिजनों को सूचना दी। घटना से परिजन बिलखने लगे।
थाना क्षेत्र के गांव शृंगीरामपुर निवासी रामवीर जाटव की पुत्री नन्ही (16) कुछ वर्षों से मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। गुरुवार दोपहर नन्ही मौका पाकर घर से निकल गई। इस पर मां सोनी देवी ने बच्चों के साथ उसकी खोजबीन शुरू कर दी। काफी तलाश करने के बाद भी पता नहीं चला। शाम को खेत से लौट रहे गुपाली ने घर से करीब सौ मीटर दूर स्थित एक पेड़ पर किशोरी का शव फंदे पर लटका देखा। उसने इसकी सूचना रामवीर को दी। परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष राजेश राय व खुदागंज चौकी प्रभारी दीपक कुमार मौके पर पहुंच गए। परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। (संवाद)