नवाबगंज। प्रेम प्रसंग में ग्रामीण को पेट्रोल डालकर जला दिया गया। गंभीर हालत में ग्रामीण को लोहिया अस्पताल से हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया। पत्नी ने गांव के दंपती के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव वीरपुर निवासी राकेश सिंह का गांव की एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार को राकेश सिंह महिला के घर पर गए थे। वहां महिला व राकेश का रुपयों को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि राकेश सिंह के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
राकेश आग लगने से गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस व परिजनों ने राकेश को सीएचसी में भर्ती कराया। एसओ जेपी शर्मा ने राकेश से पूरे प्रकरण के बारे में जानकारी की। डॉक्टर ने गंभीर हालत होने पर राकेश को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल में राकेश की हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टर ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
राकेश की पत्नी राजबेटी ने महिला व उसके पति के खिलाफ पति को पेट्रोल डालकर जलाने के संबंध में तहरीर दी है। महिला उड़ीसा की रहने वाली है। उसकी गांव के एक ग्रामीण से शादी हुई है। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
एसओ जेपी शर्मा ने बताया कि प्रेम प्रसंग में रुपयों को लेकर ग्रामीण को पेट्रोल से जलाने के आरोप का मामला प्रकाश में आया है। पूरे प्रकरण में कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिला से संबंध रखने में कई लोग गवां चुके लाखों रुपये
महिला से गांव के तीन लोगों के पहले संबंध रह चुके हैं। तीनों ग्रामीण खेत व गाड़ी बेचकर लाखों रुपये गवां चुके हैं। वर्ष 2014 में महिला ने एक ग्रामीण के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। कुछ दिनों पहले महिला ने एक ग्रामीण के खिलाफ छेड़छाड़ करने के संबंध में तहरीर दी थी। पुलिस ने ग्रामीण का शांतिभंग में चालान कर दिया था। गांव के लोग इस प्रकरण में तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।