ब्राहिमपुर जागीर गांव के पास तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बालिका की मौत हो गई वहीं उसकी दादी घायल हो गई। ग्रामीणों ने डीसीएम चालक को पकड़कर धुन दिया। हादसे की जानकारी पर सीओ सहित सर्किल के तीन थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा।
शुक्रवार को दोपहर करीब 2:30 बजे कोतवाली क्षेत्र के कुआंखेड़ा चौकी के अंतर्गत गांव छतरई निवासी मुन्नी देवी (60) अपनी आठ वर्षीय नातिन काजल को साथ लेकर कंपिल थाना क्षेत्र के गांव रसीदाबाद तिवारियान में अपनी पुत्री धनश्री के घर जा रही थीं।
कायमगंज-अलीगंज रोड स्थित ब्राहिमपुर के पास टेंपो से मुन्नी देवी उतरीं। यहां से वह काजल के साथ पैदल जा रही थीं, तभी अलीगंज रोड की ओर से तेज रफ्तार डीसीएम ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में बालिका की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मुन्नी देवी घायल हो गईं।
हादसे को देखकर दौड़े ग्रामीणों ने डीसीएम चालक को पकड़ा और पीट दिया।
इसी बीच सीओ नरेश कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दधिबल तिवारी सहित सर्किल के कंपिल एसओ व मेरापुर एसओ सुशील कुमार सहित थानों का फोर्स पहुंच गया। कोतवाली प्रभारी ने घायल दादी को सीएचसी में भर्ती कराया। वही बालिका के शव को गाड़ी में रखकर सीएसची भेजा। चालक व डीसीएम को कोतवाली भिजवाया गया।
घायल महिला के दामाद अवधेश ने बताया कि वह अपनी सास व भतीजी को लेने आए थे, तभी यह हादसा हो गया। इस दौरान जाम लगने से राहगीरों को काफी परेशानी हुई। पुलिस ने बताया कि डीसीएम एक पान मसाला कंपनी का रैपर लेकर नोएडा से लखनऊ जा रही थी। पुलिस ने बताया कि चालक को हिरासत में लिया है, जबकि हेल्पर भाग गया है।