जिल जेल चौराहा पर बैरियर टूटने पर लगाया गया इमरजेंसी बैरियर।
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ के जिला जेल चौराहे स्थित रेलवे क्रासिंग का गेट शनिवार सुबह डीसीएम की टक्कर से टूट गया। गेटमैन ने किसी तरह यातायात रोका। ट्रेन पास कराने के साथ ही रेलवे अधिकारियों व जीआरपी को सूचना दी। पुलिस ने डीसीएम कब्जे में ले ली।
फर्रुखाबाद से कानपुर की ओर मालगाड़ी पास कराने के लिए सुबह करीब 7.20 बजे जिला जेल चौराहे स्थित रेलवे क्रासिंग का गेट बंद हो रहा था। इसी दौरान सेंट्रल जेल चौराहे की ओर से आ रही डीसीएम को चालक ने निकालने का प्रयास किया। डीसीएम की टक्कर से क्रासिंग का बैरियर टूट गया। गेटमैन ने चालक को पकड़ लिया।
टूटा बैरियर हटाकर किसी तरह यातायात रोका गया और इमरजेंसी बैरियर लगाकर मालगाड़ी पास कराई गई। गेटमैन ने बैरियर टूटने की सूचना रेलवे अधिकारियों व आरपीएफ को दी। स्थानीय पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लेकर सड़क किनारे खड़ा करा दिया।
डीसीएम का पंजीकरण नंबर जनपद बरेली व वाहन मालिक जनपद शाहजहांपुर के कस्बा अल्लागंज का निवासी बताया गया है। आरपीएफ के दरोगा वासुदेव शुक्ला ने बताया कि डीसीएम कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।