फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। निर्माण में लापरवाही मिलने पर जिला समन्वयक निर्माण भारती मिश्रा की सेवा समाप्त करने के निर्देश बीएएस को दिए। उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के साथ कमियां पाए जाने पर छह खंड शिक्षा अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र नामांकन व नियमित उपस्थिति के साथ शिक्षण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। छात्र-छात्राओं को निशुल्क पाठ्य-पुस्तक, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग एवं अन्य निर्धारित सुविधाएं समय से उपलब्ध कराएं।
पीएमश्री विद्यालयों में रंगाई-पुताई के अलावा अन्य कमियां पाए जाने पर उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी कायमगंज, मोहम्मदाबाद, बढ़पुर, शहर, कमालगंज व शमसाबाद के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एक सप्ताह में जर्जर भवनों का ध्वस्तीकरण कराने के निर्देश दिए। कायाकल्प योजना के तहत 19 मानक पूरे न मिलने पर कठोर कार्रवाई होगी। निर्माण कार्यों में लापरवाही के चलते जिला समन्वयक (डीसी) निर्माण भारती मिश्रा की सेवा समाप्त करने के निर्देश बीएसए विश्वनाथ प्रताप सिंह को दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर फर्नीचर न पहुंचाने वाली कार्यदायी संस्था एसके ट्रेडर्स का वर्क ऑर्डर निरस्त कर उसे ब्लैक लिस्ट करने के आदेश दिए हैं। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, पीडी कपिल कुमार, बीएसए विश्वनाथ प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।