फर्रुखाबाद। डीबीसी कनेक्शन पाने वाले उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी है। जिले की गैस एजेंसियों को करीब पांच हजार सिलेंडर और रेगुलेटर वितरित कर दिए गए हैं। उपभोक्ता गैस एजेंसी पर जाकर डीबीसी कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं।
नए गैस कनेक्शन लेने के छह माह बाद उपभोक्ता को डीबीसी कनेक्शन (दूसरा रसोईगैस सिलेंडर) दिए जाने का प्रावधान है। करीब डेढ़ साल से जिले की गैस एजेंसियों को डीबीसी गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे थे। इससे उपभोक्ता परेशान थे। अब गैस एजेंसियों को करीब पांच हजार से ज्यादा रसोई गैस सिलेंडर और रेगुलेटर वितरित कर दिए गए हैं।
जय भैरव गैस एजेंसी के मालिक राजू शिवानी ने बताया कि उन्हें डीबीसी कनेक्शन देने के लिए करीब 306 सिलेंडर और रेगुलेटर मिल गए हैं। करीब 50 से ज्यादा उपभोक्ताओं को डीबीसी कनेक्शन दे भी चुके हैं। डीबीसी कनेक्शन 2275 रुपये में दिया जा रहा है।
डीबीसी कनेक्शन देने के लिए जिले की सभी गैस एजेंसियों को करीब पांच हजार से ज्यादा रसोई गैस सिलेंडर और रेगुलेटर दे दिए गए हैं। उपभोक्ता डीबीसी कनेक्शन ले सकता है। अगर कोई एजेंसी संचालक डीबीसी कनेक्शन देने में आनाकानी करता है तो उसकी शिकायत उनके मोबाइल नंबर 9918075875 पर कर सकता है। - गौरव गर्ग (क्षेत्रीय प्रबंधक, इंडियन आयल)