फर्रुखाबाद। अमृतपुर थाने के दरोगा समेत चार लोगों पर दुकानदार ने फिरौती के लिए अपहरण करने के प्रयास का आरोप लगाया है। उसने एंटी डकैती कोर्ट में चारों लोगों के खिलाफ परिवाद दर्ज कराया है।
अमृतपुर थाना व कस्बा निवासी प्रांशू अग्निहोत्री ने
थाने में तैनात दरोगा अजय कुमार यादव, गांव परतापुर निवासी टिंकू यादव व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ कोर्ट में अर्जी दायर की। इसमें कहा कि उसकी बस अड्डा अमृतपुर में मोबाइल की दुकान है। 13 अक्तूबर 2020 को वह दुकान बंद कर घर जा रहा था।
तभी दरोगा काले शीशा लगी कार से आए और अन्य साथियों के साथ उसे पकड़ कर गाड़ी में बैठा लिया। दरोगा ने कहा कि इसके पिता के पास बहुत रुपये हैं, इसको ले चलो। उसने आरोपियों की नजर से बचकर भाई को फोन लगाया और अपहरण होने की जानकारी दी। तभी दरोगा ने फोन छीन कर काट दिया। उस दौरान गाड़ी बदायूं मार्ग पर राजपुर गांव के नजदीक पहुंच पाई थी।
भाई को अपहरण की जानकारी देने के कारण दरोगा गाड़ी लेकर सीधे अमृतपुर थाने पहुंचा। वहां एसओ को घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने उस पर दबाव बनाकर मारपीट की और टिंकू यादव व अन्य के खिलाफ तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली। अर्जी पर पीड़ित के अधिवक्ता दीपक द्विवेदी की दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश ने दरोगा समेत चारों आरोपियों के खिलाफ परिवाद दर्ज किया है। पीड़ित के 20 जनवरी को बयान दर्ज किए जाएंगे।