कायमगंज नगर के ट्रांसपोर्ट चौराहे पर रोडवेज बसें व डग्गामार बसों की लाइन से लगते जाम को देख शुक्रवार की सुबह एसडीएम अमित आसेरी रोडवेज बस स्टैंड पहुंच गए। वहां न कोई बस थी और न ही कर्मचारी था। पूछताछ पर रोडवेज कर्मचारी सुलतान वहां पहुंचे।
उन्होंने बताया कि सभी बसें ट्रांसपोर्ट चौराहे से सवारी लेती हैं। इस पर उन्होंने एआरएम को सूचना दी। बताया गया कि ट्रांसपोर्ट चौराहे पर दिल्ली रूट की डग्गामार बसें चलती हैं। इस पर एसडीएम ने सख्त रुख अपना कर उच्चाधिकारियों को लिखित सूचना दी है। एसडीएम ने बताया कि किसी भी हाल में दिल्ली रूट पर डग्गामार बसें नहीं चलने दी जाएगी। इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुल गालिब तिराहे पर वर्षों पहले रोडवेज बस स्टैंड तो बन गया, लेकिन यहां न कोई बस रुकती है और न ही कोई सवारी आती है। रोडवेज चालक ट्रांसपोर्ट चौराहे को बस स्टैंड बनाए हुए हैं। साथ ही ट्रांसपोर्ट पर दिल्ली जाने वाली डग्गामार बसें भी सवारियां भरती हैं।
यहीं पर डग्गामार बसों की टिकट बनाने वाले एजेंटों की भी दुकानें सजी हैं। उन पर एजेंट बोर्ड लगाकर टिकट काटते हैं। यहां से कुछ ही दूरी पर कोतवाली भी है। लेकिन इन बसों की ओर किसी का ध्यान नहीं गया। इन बसों से रोडवेज को लाखों का चूना भी लग रहा है।