फर्रुखाबाद। माफिया के इनामी भाई की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस ने इनामी भाई के साले की कार को सीज कर दिया है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी माफिया बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे इंस्पेक्टर रामनिवास हत्याकांड में उम्रकैद की सजा में मथुरा जेल में बंद है। प्रधानाध्यापक भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन सहित अन्य के खिलाफ मऊदरवाजा थाने में मारपीट व रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने उनकी तलाश में कई स्थानों पर दबिश मारी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने अनुराग दुबे उर्फ डब्बन पर 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। उन्होंने लोगों से इनामी को पकड़वाने में मदद करने की अपील भी की थी। उसके बाद से एसओजी, सर्विलांस सहित अन्य टीमें डब्बन की तलाश कर रही है। पुलिस ने जनपद मैनपुरी निवासी डब्बन के साले आशीष पांडेय की दो दिन पहले कार सीज कर दी थी। एसओ मऊदरवाजा अमित गंगवार ने बताया कि आशीष पांडेय की कार को सीज किया गया है। (संवाद)