फर्रुखाबाद। दो भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस की कई टीमें पूर्व ब्लाॅक प्रमुख व उनके भाई की सरगर्मी से तलाश कर रही है।परिजनों ने दोनों पर हत्यारोपियों को बचाने का आरोप लगाया है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव बंथलशाहपुर निवासी छविनाथ सिंह ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें आरोप लगाया कि 19 जून को पुत्र गुलाब सिंह व अजीत सिंह मक्का की फसल काटने के लिए घर से गए। देर रात तक वापस नहीं आए। खोजबीन करने पर खेत के पास नलकूप के कुएं में दोनोें भाइयों के शव बरामद हुए थे। मुकदमे की विवेचना कर रहे एसओ भोलेंद्र चतुर्वेदी ने दोनों की मौत को दुर्घटना बताकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया था।
छविनाथ सिंह ने इस मामले में मुख्यमंत्री से गुहार लगाई। इसमें बाद विवेचना मऊदरवाजा थाने के इंस्पेक्टर अपराध को स्थानांतरित कर दी गई। परिजनों ने गांव के कई लोगों पर दोनों पुत्रों से मारपीट कर उनको कुएं मेंं फेंकने का आरोप लगाया।
गांव के ही निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख व उनके भाई व आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। एकाएक पुलिस की टीमें हरकत में आ गई। एसओजी, सर्विलांस सहित मऊदरवाजा थाना पुलिस ने पूर्व ब्लाक प्रमुख व उनके भाई की तलाश में कई स्थानों पर दबिश मारी। उनके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद छोड़ा गया। इस मामले सत्ता पक्ष के राजनेता भी सक्रिय हो गए है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर पुलिस अभी तक कार्रवाई करने से क्यों कतराती रही।