कोतवाली में रखे वाटरकूलर को देखते सिटी मजिस्ट्रेट व पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
फतेहगढ़ कोतवाली में लगे वाटरकूलर में करंट उतरने से दुकानदार की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनोें में कोहराम मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर कोतवाली में भी भारी फोर्स तैनात कर दिया गया। वॉटर कूलर में कई दिनों से करंट आ रहा था।
कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला गोला कोहना निवासी राघवेंद्र उर्फ पिंटू मिश्र (22) पुत्र स्व. राममनोहर मिश्र फतेहगढ़ कोतवाली के निकट एलआईयू आफिस के बाहर फुटपाथ पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान लगाता था। गुरुवार की सुबह पिंटू दुकान लगाने के बाद नंगे पैर बोतल लेकर कोतवाली में लगे वॉटर कूलर से पानी भरने के लिए गया।
वॉटर कूलर में करंट उतरने से पिंटू उससे चिपक गया। करंट इतना तेज लगा कि उसकी चीख तक नहीं निकल पाई। जब कोतवाली के सिपाही की नजर उसके ऊपर पड़ी तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में वॉटर कूलर के तारों को अलग किया गया। कोतवाली की जीप से प्रभारी कोतवाल रजनेश चौहान, दरोगा इंद्रपाल सिंह पिंटू को लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे।
यहां पर मौजूद डॉ. अशोक कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली में करंट से दुकानदार की मौत की खबर आग की तरह फैल गई। इसकी सूचना मिलने पर मृतक का भाई ज्ञानेश और योगेश मिश्र लोहिया अस्पताल पहुंच गए। शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की मां मिथलेश देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। इकलौती बहन भी बेसुध थी। प्रभारी कोतवाल रजनेश चौहान ने मृतक के परिजनों को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर आर्थिक मदद दी।