चीनी मिल कायमगंज में क्रेन के पास गन्ना उतारते किसान व डंप गन्ना।
- फोटो : FARRUKHABAD
जनपद की इकलौती चीनी मिल के पेराई सत्र का गुरुवार को जिलाधिकारी ने उद्घाटन कर दिया लेकिन पर्याप्त गन्ने की आपूर्ति न होने से पेराई शुरू नहीं हो सकी है। मिल प्रशासन ने गन्ना खरीद के लिए क्षेत्र के किसानों को 37 हजार क्विंटल गन्ने का इंडेन जारी कर पर्चियां जारी कर दी हैं।
गुरुवार को जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने क्रशर में गन्ना डालकर नए सत्र की पेराई का शुभारंभ किया था। दूसरे दिन तक मिल यार्ड में पर्याप्त मात्रा में गन्ना नहीं पहुंचा। पेराई के लिए एक दिन में 1200 क्विंटल गन्ने की जरूरत होती है। दूसरे दिन शाम तक 687 क्विंटल गन्ने की ही खरीद हुई।
मिल में पर्याप्त मात्रा में गन्ने की आपूर्ति न होने की वजह कम प्रचार प्रसार भी हो सकता है। क्षेत्र के किसानों के पास या तो पर्चियां नहीं पहुंचीं या फिर किसान छिलाई कराने में पिछड़ गए। मिल में गन्ना आपूर्ति करने आए कुछ किसानों का कहना था जिनको पर्चियां मिलीं वे गन्ने की छिलाई नहीं करवा पाए।
जिसके पास गन्ना है उनके ओवर लोड गन्ने को मिल प्रशासन वापस कर रहा है। शुरुआत में गन्ने की कमी है तो ओवरलोड गन्ने की किसानों को छूट देनी चाहिए। मिल प्रशासन का कहना है सुचारु रूप से पेराई के लिये गन्ने का स्टॉक किया जा रहा है। उम्मीद है जल्द ही पर्याप्त गन्ना मिल जाएगा। तब लगातार पेराई शुरू हो सकेगी।