राजेपुर। श्री आदर्श रामलीला कमेटी राजेपुर राठौरी की ओर से रामलीला मैदान में दशहरा पर्व का आयोजन किया गया। रावण दहन देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी।
मैदान पर भगवान राम और रावण की सेनाएं युद्ध करते हुए पहुंचीं। विभीषण के कहने पर जैसे ही राम ने रावण की नाभि में तीर मारा तो वह धराशायी होकर जमीन पर गिर पड़ा। रावण के गिरते ही जय श्रीराम के उद्घोष गूंज उठे। इस दौरान रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले आग के हवाले कर दिए गए।
ग्रामीणों ने सतरंगी आतिशबाजी का लुत्फ उठाया। इस दौरान बच्चों ने मेले में खिलौने खरीदे तो बड़ों ने चाट-पकौड़ी का आनंद लिया। दशहरा को लेकर भारी संख्या में पुलिसबल भी मौजूद रहा। इस अवसर अध्यक्ष उमेश सिंह, उपाध्यक्ष सुरेश वर्मा, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी, महामंत्री सुरेंद्रपाल सिंह, मंत्री वीरेश सिंह, उजियारेलाल, देवेंद्र मोहन सिंह, धर्मेंद्र सिंह, मुकेश कुमार और मनोज सिंह आदि मौजूद रहे।