फर्रुखाबाद। होली के बाद पड़ने वाली होलिकाष्टमी पर बढ़पुर स्थित शीतला देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से लेकर शाम तक मंदिर में भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा। भोग आदि लगाकर मत्था टेक लोग मनौती मांग रहे थे। भीड़ के चलते फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मुख्यमार्ग पर जाम की स्थिति भी बनती रही।
मंगलवार सुबह से ही बढ़पुर स्थित शीतला देवी मंदिर में महिलाओं का आना शुरू हो गया। मंदिर में भारी भीड़ के चलते लाइन लगाकर प्रसाद चढ़वाया गया। भक्तों ने मां शीतला देवी का पूजन-अर्चन कर मनौती मांगी। बच्चों ने मेले में लगी दुकानों पर खिलौने आदि खरीदे। महिलाएं चूड़ी, बिंदी और अन्य कास्मेटिक का सामान खरीदती नजर आईं। मुख्यमार्ग पर बने मंदिर में भीड़ होने के चलते फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मार्ग पर सुबह से लेकर शाम तक रुक-रुककर जाम भी लगता रहा। दोपहर को रोडवेज बसों के कारण भीषण जाम लग गया। मंदिर के बाहर मौजूद दो सिपाही मशक्कत के बाद जाम खुलवा सके।