कायमगंज। बढ़ते तापमान और गर्मी से पेट दर्द, उल्टी-दस्त और बुखार के रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है। हालात यह हैं कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की ओपीडी में मरीजों की इतनी भीड़ उमड़ रही है कि बेंच तक कम पड़ने लगी हैं और लोग फर्श पर बैठकर इलाज मिलने का इंतजार करते दिखे।
सोमवार को सीएचसी की ओपीडी में कुल 655 मरीज पहुंचे। इनमें पेट दर्द के 32, लूज मोशन के 39 और डिहाइड्रेशन से पीड़ित आठ मरीज शामिल रहे। बुखार के 219, खांसी के 30, ठंड लगने के 38 और जुकाम के 50 मरीजों का उपचार किया गया। इमरजेंसी में भी उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत लेकर 15 से 20 मरीज रोजाना पहुंच रहे हैं।
हालात यह है कि ओपीडी परिसर में बेंचे फुल हो जातीं हैं। मरीज फर्श पर बैठने को मजबूर हो रहे हैं। डॉक्टर के कक्ष में भी मरीज एक दूसरे पर चढ़े नजर आए। लखनपुर निवासी प्रीती को पेट में जलन और उल्टी की शिकायत पर परिजन अस्पताल लाए। वहीं, जानीपुर गांव के प्रशांत को तेज बुखार और उल्टी की समस्या थी।
पानी खूब पीएं, सतर्क रहें
सीएचसी के डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि गर्मी में शरीर से ज्यादा पसीना निकलता है, जिससे डिहाइड्रेशन की समस्या हो जाती है। इससे पाचन तंत्र कमजोर होता है और पेट संबंधी समस्याएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी, कि पर्याप्त मात्रा में पानी और ओआरएस का सेवन करें। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और बाहर का खाना न खाएं।
डिहाइड्रेशन के ये हैं लक्षण
जी मिचलाना, उल्टी-दस्त, चक्कर आना, चिड़चिड़ापन, सिर दर्द, पेट में मरोड़, मुंह सूखना, धूप से बचें।
गर्मी में उल्टी-दस्त और बुखार के मामलों में इजाफा हुआ है। सभी को सलाह है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, टोपी या कपड़े से सिर ढकें और परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल में इलाज और दवा की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है।
डॉ. शोभित कुमार, चिकित्सा अधीक्षक, सीएचसी