कंपिल। गांव राईपुर चिंघटपुर में बाढ़ के पानी में बहकर आया मगरमच्छ सोमवार रात सड़क पर रेंगता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। गांव के साहसी युवकों ने कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रस्सी से बांध लिया।
युवकों ने रस्सी से बंधे मगरमच्छ को एक ड्रम के अंदर छोड़ दिया। रात में युवक उसको गंगा में लेकर गए। वहां मगरमच्छ को ड्रम से निकालकर गंगा में छोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ का पानी कई दिनों पहले गांव में भर गया था। ऐसे में मगरमच्छ भी पानी में बहकर आ गया। पानी कम होने पर वह सड़क पर पहुंच गया। वन विभाग को इस संबंध में सूचना नहीं दी गई। मगरमच्छ का वजन 20 किलो रहा होगा। (संवाद)