शमसाबाद। बीमार पत्नी को दवा दिलाने जा रहे ग्रामीण को रास्ते में बदमाशों ने घेरकर दो हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर गोली मारकर घायल कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव साहबगंज निवासी सुखलाल पुत्र रामलाल ने बताया कि वह रात करीब साढ़े नौ बजे अपने भाई बिहारीलाल व पत्नी ईश्वरीमती के साथ अस्पताल जा रहा था। शमसाबाद में पत्नी को पेट दर्द की दवा दिलानी थी। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। ढाईघाट रोड पर बिरियाडांढ़ा मोड़ पुलिया के पास बैठे चार बदमाशों ने बाइक रुकवा ली।
पास में मौजूद 2000 रुपये लूटने के बाद मोबाइल छीनने लगे। विरोध करने पर उसे लाठियों से पीटा और गोली मार दी। हाथ में गोली लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। फायर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण शोर मचाते दौड़े तो लुटेरे भाग गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। घायल सुखलाल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष रवींद्रनाथ यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।