मोहल्ला नुनहाई में एक मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों के जेवर और नगदी चोरी कर ले गए। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच पड़ताल की। चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
शहर कोतवाली के मोहल्ला नुनहाई निवासी सुनील बाजपेई एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में प्रबंधक हैं। शुक्रवार की रात करीब वह 8 बजे अपने परिवार के साथ कार से शहर की एक बारात में शामिल होने के लिए गए थे। कुछ समय बाद ही चोर मेनगेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
इसके बाद चोरों ने कमरों के तालों को तोड़कर अलमारी, बक्सों से नगदी और जेवर चोरी कर लिए। रात करीब 11 बजे जब सुनील घर पहुंचे तो मकान का ताला टूटा मिला। शोरशराबा होने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया।
यहां चोरी की घटना उसमें कैद हो गई। सुनील की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। सुनील ने बताया कि उनके यहां से करीब 4 लाख के जेवर और पॉलिसी के 1.25 लाख रुपये चोरी हो गए। उन्होंने ने बताया कि उनके भाई अनिल के यहां कुछ समय पहले चोरी का प्रयास हुआ था। इसके बाद ही उन्होंने सीसीटीवी कैमरा लगवा लिया था।