फर्रुखाबाद। परीक्षा देने आई छात्रा को युवक नौकरी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले गया। इस दौरान आरोपी ने युवती के साथ दुराचार किया। छात्रा के बरामद होने के बाद पिता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
जिला हरदोई थाना पाली क्षेत्र की रहने वाली छात्रा 3 अप्रैल को शहर के एक डिग्री कॉलेज में परीक्षा देने के लिए आई थी। इस दौरान जिला जौनपुर के मछली शहर का रहने वाला युवक मनीष पुत्र दिलीप उसे नौकरी दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर भगा ले गया।
इसके बाद युवक उसे दिल्ली के बलजीत नगर में ले गया। यहां पर उसे कमरे में बंद कर उसके साथ दुराचार किया। इस दौरान युवती ने मौका पाकर 19 अप्रैल को अपने भाई को फोन कर मामलेे की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर युवती के परिवार के लोग मौके पर जा पहुंचे। परिजनों ने इसकी सूचना शहर कोतवाल को दी। इस पर कादरीगेट चौकी प्रभारी अनिल भदौरिया फोर्स के साथ दिल्ली गए। वहां से पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने युवती को मेडिकल के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।