खेत में फैक्ट्री चलाते जवाहर व जयकरन।
- फोटो : अमर उजाला
रविवार शाम कोतवाली पुलिस ने अचरा रोड पर सत्तारनगर के पास सूरजपाल के यूकेलिप्टस के बाग से दो लोगों को अवैध असलहे बनाते दबोचा है। आरोपियों के पास से अधबने असलहे, औजार मिले हैं। कोतवाली पुलिस ने अचरा रोड पर सत्तारनगर के पास सूरजपाल के यूकेलिप्टस के बाग में प्रभारी निरीक्षक दधिबल तिवारी, एसएसआई सुदीप मिश्रा, दरोगा वाईपी सिंह पुलिसफोर्स के साथ दबिश दी। पुलिस ने छापा मार कार्रवाई कर कारोबारियों को दबोच लिया।
वहीं काफी मात्रा में अधबने असलहे के अलावा औजार बरामद किए। पुलिस उन लोगों को कोतवाली ले आई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए कारोबारियों में जवाहरलाल निवासी मदारपुर, मझोला निवासी जयकरन हैं। जयकरन के पास से 315 बोर तमंचा, एक कारतूस व असलहे बनाने के औजार और जवाहर के पास भी अधबने तमंचे व असलहे बनाने के औजार मिले हैं। पुलिस ने बताया कि यह लोग काफी समय से धंधा कर रहे हैं। जवाहरलाल दो बार आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है, जबकि जयकरन एक बार जेल जा चुका है।