जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में दिनदहाड़े फायरिंग और पथराव हुआ।
झगड़े में सभासद समेत एक दर्जन घायल हुए हैं। दोनों पक्षों ने एक दूसरे
के खिलाफ तहरीर दी है। एक पक्ष की कार के शीशे भी टूट गए। पुलिस ने मौके पर
जाकर जांच की। घायलों को लोहिया अस्पताल मेडिकल के लिए भेज दिया गया।
मोहल्ला
गढ़ी कोहना निवासी भारत सिंह की जमीन राजीव गांधी नगर बागिया में है।
शनिवार की दोपहर मोहल्ला सर्वोदय नगर निवासी सभासद सर्वेश कुमारी के बेटे
सुबोध यादव कार से अपने समर्थकाें के साथ यहां पहुंचे। इन्होंने
चहारदीवारी के मेन गेट का ताला तोड़ दिया। इसकी जानकारी पर भारत सिंह और
उनके परिवार के लोग भी पहुंच गए। यहां कब्जे को लेकर इनमें विवाद होने
लगा।
देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट के साथ ही पथराव होने लगा।
इसके बाद दोनों तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। दिनदहाड़े फायरिंग और
पथराव से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। पथराव से सुबोध यादव की कार भी
क्षतिग्रस्त हो गई। इस मारपीट और पथराव में भारत सिंह और उनका भतीजा सभासद
मनोज कुशवाहा, गिरजादेवी, धर्मेंद्र सिंह, ज्वाला सिंह, प्रिया, अमित, अमन,
सौरभ तथा दूसरे पक्ष के सुबोध यादव, उनका भाई सुशील और रिश्तेदार विश्राम
सिंह लहूलुहान हो गए।
दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ फायरिंग और
पथराव का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। घटना की सूचना पर
पहुंचे कोतवाल आरपी यादव ने जांच की। इन्होंने सुबोध के नाम वाले बोर्ड को
कब्जे में ले लिया। भारत सिंह का कहना था कि यह जमीन उनकी है। हमलावर इस पर
कब्जा करने के लिए आए थे। सुबोध का कहना था कि इस जमीन का इकरारनामा
खबरवक्श उर्फ झग्गी नवाब ने उन्हें किया है। फिलहाल पुलिस ने घायलों को
लोहिया अस्पताल मेडिकल के लिए भेज दिया।