गाजियाबाद से परचून का सामान लादकर उड़ीसा जा रहा ट्रक बोलेरो सवार बदमाशों
ने लूट लिया। ट्रक मालिक से 12 हजार रुपये भी लूट लिए। इसके बाद चालक व
मालिक के हाथपैर बांधकर खेत में डाल दिया। दोनों ने किसी तरह छूटकर घटना की
सूचना थाना पुलिस को दी। उधर, इंजन बंद होने से बदमाश ट्रक को बिजलीघर के
पास छोड़कर भाग गए।
ट्रांसपोर्ट मालिक की सूचना पर पुलिस ने कांबिंग की। इस
दौरान ट्रक निजामुद्दीन रोड स्थित बिजलीघर के पास मिल गया। पुलिस ट्रक
थाने ले आई। समाचार लिखे जाने तक लिखा-पढ़ी नहीं हुई थी। पंजाब प्रांत
के थाना लहरागागा क्षेत्र के गांव चुन्नुखुर्द निवासी मिट्ठू सिंह के पास
ट्रक है। इसे सतीश कुमार निवासी सौरिख थाना तालग्राम जिला कन्नौज चलाता है।
मिट्ठू के मुताबिक उनका ट्रक गाजियाबाद के सोही अजीत ट्रांसपोर्ट से अटैच
है। शनिवार को ट्रांसपोर्ट मालिक अजीत सिंह ने गाजियाबाद से परचून का माल
ट्रक में लदवाकर उड़ीसा के लिए बुक किया। सतीश और मिट्ठू सिंह ट्रक लेकर
उड़ीसा जा रहे थे। रविवार तड़के 4 बजे एटा-शिकोहाबाद रोड पर एक सफेद ोलेरो
ने ओवरटेक कर ट्रक रुकवा लिया। बोलेरो से उतरे
सशस्त्र बदमाशों ने सतीश और
मिट्ठू को पीटना शुरू कर दिया। बदमाशों ने मिट्ठू से 12 हजार रुपये व दोनों
के मोबाइल लूट लिए। इसके बाद दोनों के हाथपैर बांधकर बोलेरो में डाल लिया।
एक बदमाश ट्रक लेकर बोलेरो के पीछे-पीछे चल दिया। कंपिल थाना क्षेत्र के
गांव इकलहरा के पास बदमाशों ने दोनों को गन्ने के खेत में डाल दिया और ट्रक
लेकर भाग गए।
इसके बाद किसी तरह से अपने को बंधन मुक्त कर सतीश और मिट्ठू
थाने पहुंचे। यहां पुलिस तथा ट्रांसपोर्ट मालिक अजीत सिंह को सूचना दी।
अजीत ने पुलिस को बताया कि उनकी ट्रांसपोर्ट में जितने भी ट्रक अटैच हैं
उनमें जीपीएस सेंसर लगा है। बताया कि जीपीएस के मुताबिक ट्रक की लोकेशन
कंपिल की है। उसने जीपीएस सेंसर से ट्रक का इंजन बंद कर दिया
था। इस पर
बदमाश ट्रक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो निजामुद्दीन रोड पर
बिजली घर के पास ट्रक सामान सहित मिल गया। पुलिस ट्रक थाने ले आई। अजीत की
सूचना पर इनके रिश्तेदार धर्मेंद्र गुप्ता निवासी मदनपुर भी पहुंच गए।
पुलिस ने घायल सतीश और मिट्ठू को मेडिकल के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
भिजवाया। फिलहाल मामले में कोई लिखापढ़ी नहीं की गई है। एसआई प्रभाकर
शर्मा ने बताया कि मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
जीपीएस सेंसर से बचा ट्रक
ट्रक में जीपीएस सेंसर लगे होने से लुटेरे ट्रक और परचून का लाखों रुपये
का माल नहीं लूट सके। ट्रांसपोर्ट मालिक ने जीपीएस सेंसर सिस्टम से इंजन
बंद कर दिया। इस पर बदमाश ट्रक छोड़कर भाग गए। ट्रक चालक सतीश और मालिक
मिट्ठू की सूचना पर ट्रांसपोर्ट मालिक ने जीपीएस सेंसर से ट्रक का इंजन बंद
कर दिया। इससे ट्रक व इसमें लदा लाखों रुपये का परचून का माल लुटने से बच
गया।